सपा-कांग्रेस घोषित रामद्रोही, राम भक्तों के खून से सने हुए हैं इनके हाथः सीएम योगी 

WhatsApp Channel Join Now
  • निजी चैनल के कार्यक्रम में विपक्ष पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तीखा हमला 
  • कहा: अयोध्या और भारत की सनातन आस्था को बदनाम करने के लिए ये कुछ न कुछ स्वांग रचेंगे 
  • संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का पाप करती है कांग्रेस: मुख्यमंत्री योगी
  • एसआईआर मतदाता सूची के शुद्धिकरण का प्रयास अभिनंदनीय: मुख्यमंत्री
  • कांग्रेस अपनी विफलता और नाकामी को कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी, कभी एसआईआर के नाम पर डालने का करती है प्रयास: सीएम
  • राहुल गांधी हर उस मुहिम का पार्ट जो भारत विरोधी हो और भारत की संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने वाली हो: मुख्यमंत्री

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इनका इतिहास राम मंदिर का विरोध करने का रहा है। ये लोग अयोध्या को बदनाम करने और भारत की सनातन आस्था को बदनाम करने के लिए कुछ न कुछ स्वांग रचेंगे। ये लोग घोषित रामद्रोही हैं, राम भक्तों के खून से इनके हाथ सने हुए हैं। इन लोगों को अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए। निजी चैनल के कार्यक्रम राइजिंग भारत समिट में विभिन्न राजनीतिक और विकास से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश 2029-30 तक वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा और 2047 में विकसित भारत का विकसित उत्तर प्रदेश देश के सामने होगा।

एसआईआर पात्र मतदाताओं को जोड़ने का पारदर्शी अभियान

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभिनंदनीय प्रयास है। दिवंगत मतदाताओं के नाम हटने चाहिए और जो भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए। हर वयस्क भारतीय नागरिक का नाम सूची में शामिल होना चाहिए। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में योगदान देगा। वोट चोरी के विपक्षी आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेतृत्व की विफलता और नाकामी को कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी, कभी वोट अधिकार यात्रा और कभी एसआईआर के नाम पर डालने का प्रयास करती है। जीते तो इनका पुरुषार्थ, हारे तो ईवीएम गलत, हारे तो एसआईआर गलत, हारे तो वोट चोरी हो गई और हारे तो निर्वाचन आयोग दोषी। भारत निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका संवैधानिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं। इन पर उंगली उठाना संविधान निर्माताओं का अपमान है। कांग्रेस यही पाप कर रही है। 1975 में संविधान का गला घोंटने वाली और सर्वाधिक संवैधानिक संशोधन करने वाली कांग्रेस आज संविधान की दुहाई दे रही है। राहुल गांधी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वह उस हर मुहिम का पार्ट बनते हैं जो भारत विरोधी हो और भारत की संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने वाली हो। उन्हें हल्की बातों के बजाय तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर चर्चा करनी चाहिए।

सपा का वास्तविक चेहरा उसके नेताओं के बयानों में 

अखिलेश यादव के पीडीए में पंडित जोड़ने संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का वास्तविक चेहरा देखना हो तो दादरी में अखिलेश के कार्यक्रम में शामिल हुए उनकी ही पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी का बयान पढ़िए। प्रतापगढ़ के सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल और पूर्व सांसद राजाराम पाल के बयानों को भी देखिए। सपा का पूरा इतिहास प्रमाणित करता है कि उसका व्यवहार हिंदू समाज की विभिन्न जातियों के प्रति कैसा रहा है।

राम मंदिर ट्रस्ट की जांच में दोषियों पर हुई कार्रवाई

राम जन्मभूमि ट्रस्ट से जुड़े चंदे के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित स्वायत्त ट्रस्ट है। उसके कार्यों में केंद्र या राज्य सरकार का हस्तक्षेप नहीं होता। मामला सामने आने पर ट्रस्ट ने एफआईआर दर्ज कराई और सरकार ने तत्काल एसआईटी गठित की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पूरी प्रक्रिया और तथ्यों पर संतुष्टि जताते हुए आगे की सजा संबंधी कार्रवाई निचली अदालत पर छोड़ दी है।

उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि चंदा चोरी की बात वे लोग करते हैं जिन्होंने अयोध्या को सर्वाधिक अपमानित किया, राम भक्तों का खून बहाया और 'जय श्री राम' बोलने पर लाठी-गोली चलवाई। जिन्होंने कहा था कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, आज उसी अयोध्या में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा-कांग्रेस ने दीपोत्सव, राम पथ, धर्म पथ, जन्मभूमि पथ, रामजी की पैड़ी, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और अयोध्या की रेलवे कनेक्टिविटी के कार्यों का विरोध किया। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण के बावजूद ये दल शामिल नहीं हुए।

सपा-कांग्रेस ने अपनी बी टीम को मैदान में उतारा

असदुद्दीन ओवैसी और  सांसद चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी जब हर ओर से मुंह की खा चुकी है, तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर अपनी 'बी' टीम के रूप में इनको मैदान में उतारा है। समाजवादी पार्टी अब दो नावों में सवारी करना चाहती है। दलितों और दलित महापुरुषों का जो अपमान इन्होंने किया है, उसके बाद कोई दलित इनकी ओर देखना भी नहीं चाहता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को नुकसान पहुंचाने और माहौल खराब करने के लिए यह राजनीतिक प्रयास किया जा रहा है। भाजपा को रोकने की इनकी मंशा कभी पूरी नहीं होने वाली।

2047 में विकसित भारत का विकसित उत्तर प्रदेश

अपने भविष्य के विजन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 2029-30 और प्रधानमंत्री मोदी के 2047 के विकसित भारत के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर उस पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029-30 तक यूपी एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। विकसित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य में हर युवा के हाथ को काम, हर नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन, हर अन्नदाता किसान को वैल्यू एडिशन, हर श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय तथा हर उद्यमी और व्यापारी को सुरक्षा की गारंटी शामिल है।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23685 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story