परेड बाजार हटाने के खिलाफ सपा-कांग्रेस एकजुट, लाठी चली तो पीठ भी तैयार : अमिताभ बाजपेई

WhatsApp Channel Join Now
परेड बाजार हटाने के खिलाफ सपा-कांग्रेस एकजुट, लाठी चली तो पीठ भी तैयार : अमिताभ बाजपेई


कानपुर, 09 मई (हि.स.)। परेड बाजार को दो दिन में खाली कराने के आदेश के खिलाफ सपा और कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को बाजार पहुंचकर नगर निगम और बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। “अगर प्रशासन की लाठियां तैयार हैं तो हमारी पीठ भी तैयार है। गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनने नहीं दी जाएगी और इस लड़ाई को सपा और कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे। यह बातें शनिवार को आर्यनगर विधानसभा के सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कही।

आज परेड बाजार पहुंचे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई, विधायक हसन रूमी, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला और कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी आलोक मिश्रा समेत कई नेताओं ने नगर निगम के आदेश का विरोध किया। नेताओं ने कहा कि आजादी के पहले से लगने वाला परेड बाजार सिर्फ व्यापार का केंद्र नहीं बल्कि हजारों गरीब दुकानदारों और परिवारों की रोजी-रोटी का सहारा है।

नेताओं ने नगर निगम के आदेश को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक बाजार खाली कराने का आदेश गरीबों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि वर्षों से कानपुर की पहचान रहे इस बाजार को खत्म करने से हजारों परिवार प्रभावित होंगे।

सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत की तर्ज पर आदेश जारी कर गरीबों का रोजगार छीनना गलत है। नगर निगम को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थायी समाधान निकालना चाहिए। नेताओं ने कहा कि परेड मैदान हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक रहा है, जहां वर्षों से रामलीला और मोहम्मदी जुलूस निकलता रहा है। उन्होंने साफ कहा कि गरीब दुकानदारों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story