सुहेलदेव एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की

WhatsApp Channel Join Now
सुहेलदेव एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की


जौनपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। यूपी के में जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव के शुभारंभ के दौरान हरी झंडी दिखाने को लेकर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की हो गई। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी की। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। रेलवे के अनुसार जौनपुर सिटी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव 30 सितंबर से शुरू हुआ है।

रात करीब 8:40 बजे ट्रेन के ठहराव के अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति और सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य अपने समर्थकों के साथ स्टेशन पहुंचे थे। हरी झंडी दिखाने के दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आगे आने की कोशिश करने लगे। इसी बीच धक्कामुक्की शुरू हो गई। कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा जिंदाबाद’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाए।सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रयास से ट्रेन का ठहराव शुरू हुआ है। उनके नहीं पहुंच पाने पर प्रतिनिधि के तौर पर उन्हें कार्यक्रम में भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को लेकर रेलवे अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट नहीं थी।वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की क्षेत्र में सक्रियता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और लोगों को इसका लाभ होगा।कार्यक्रम के दौरान किसी विवाद की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। स्टेशन पर नौ थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। हरी झंडी दिखाने के दौरान अजीत प्रजापति ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास करते दिखाई दिए, लेकिन पुलिस ने उन्हें नीचे उतार दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ट्रेन को रवाना किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story