सपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा पर लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप, चुनाव निरस्त कराने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा पर लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप, चुनाव निरस्त कराने की मांग


औरैया, 23 अक्टूबर (हि. स.)। जनपद में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग, मारपीट और मतदान में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बूथ कैप्चरिंग कराने का आरोप लगाते हुए चुनाव निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन पर भी सत्ता पक्ष के लोगों की मदद करने का आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने आरोप लगाया कि सदर विधायक गुड़िया कठेरिया और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा अपने करीब एक सैकड़ा समर्थकों के साथ नगर पालिका परिषद स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। उनके अनुसार, वहां मारपीट और बूथ कैप्चरिंग की घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद औरैया ब्लॉक में भी इसी तरह का घटनाक्रम सामने आया।

सपा की ओर से अजीतमल क्षेत्र के मतदान केंद्र पर भी भीषण मारपीट और बूथ कैप्चरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया। इसके अलावा एरवाकटरा में भी बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया गया है। अजीतमल ब्लॉक में सपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और नगर पंचायत स्थित बूथ पर लूट किए जाने की बात भी सपा नेताओं ने कही है। वहीं, अजीतमल के बूथ संख्या 224 को लेकर सपा ने विशेष रूप से सवाल उठाए हैं। सपा के बूथ एजेंट संजीव गुप्ता ने भी मतदान केंद्र पर अनियमितताओं को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ पर नियमों के विपरीत गतिविधियां हुई हैं, इसलिए संबंधित मतदान केंद्र का मतदान निरस्त किया जाना चाहिए।

सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन विपक्षी दलों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहा है, जबकि उनके आरोपों के मुताबिक सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आरोपों की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार चुनाव निरस्त करने की मांग की।

-----------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story