सोशल मीडिया के माध्यम से टेट अनिवार्यता का विरोध करेंगे शिक्षक

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया के माध्यम से टेट अनिवार्यता का विरोध करेंगे शिक्षक


हाथरस, 19 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की सादाबाद ब्लॉक इकाई ने शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में गुरुवार काे एक बैठक का आयोजन किया। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पत्र और उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ लखनऊ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर यह बैठक हुई, जिसमें सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद कुमार ने आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने शिक्षकों से ट्विटर (एक्स) अकाउंट के माध्यम से अपनी आवाज उठाने और सोशल मीडिया का उपयोग करने का आग्रह किया। कुमार ने टीईटी अनिवार्यता के विरोध में सभी शिक्षक संगठनों की एकजुटता को महत्वपूर्ण बताया। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजवीर सिंह ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती और सामूहिक संघर्ष के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने 26 फरवरी को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के महामंत्री संजय गौतम ने भी टीईटी अनिवार्यता का विरोध करते हुए कहा कि शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

इस बैठक में संतोष चौधरी, नेत्रपाल सिंह, मोनू बंसल, नन्दनन्दन, नितिन गोयल, विशनस्वरूप, हेमन्त बंसल, लक्ष्मण सिंह, हेमन्त कुमार, सहुल देव, कृष्णगोपाल, साईसवीर, मनीष गौतम, हेमलता अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, कैरम सिंह, राकेश गौतम, ए. सरोजा, स्मृति सिंह, संध्या मित्तल सहित दर्जनों शिक्षक, शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story