90 के दशक के गीतों ने ताजा कीं पुरानी यादें, बाल कलाकारों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
90 के दशक के गीतों ने ताजा कीं पुरानी यादें, बाल कलाकारों ने बांधा समां


लखनऊ, 14 नवंबर (हि.स.)। संगीत की कोई उम्र नहीं होती, अच्छे गीत पीढ़ियों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। 90 के दशक के सदाबहार गीतों के जरिए नई पीढ़ी को पुराने संगीत की विरासत से परिचित कराने का प्रयास सराहनीय है। यह बातें शनिवार को गोमती नगर स्थित उर्दू अकादमी सभागार में आयोजित ‘90 दशक के रोमांटिक मेलोडीज’ संगीत समारोह में विशिष्ट अतिथि प्रो. भरत राज सिंह ने कहीं।

बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में 90 के दशक के रोमांटिक और सदाबहार हिंदी फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को पुरानी यादों में पहुंचा दिया। दूरदर्शन के प्रवीण कुमार मिश्रा, आकाशवाणी से जुड़े कलाकारों और लखनऊ के प्रतिष्ठित संगीतकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। गीतों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में बाल प्रतिभाओं गार्गी द्विवेदी और प्रियाली श्रीवास्तव की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। दोनों बाल कलाकारों ने अपनी गायन प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व कमांडेंट पीएसी सीतापुर बाबिता साहू भी मौजूद रहीं। उन्होंने कलाकारों और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक रवि अग्रवाल ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बनाया। संयोजक डॉ. विश्वास वर्मा के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ ही पुरानी संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। दर्शकों ने आयोजन की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777281 Articles

Share this story