सोहनपुर बाजार का ट्रांसफार्मर जला, बिजली आपूर्ति ठप

WhatsApp Channel Join Now
सोहनपुर बाजार का ट्रांसफार्मर जला, बिजली आपूर्ति ठप


देवरिया, 04 जून (हि.स.)। जनपद में ग्राम सभा सोहनपुर बाजार में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह ट्रांसफार्मर पहले भी कई बार खराब हो चुका है।

स्थानीय निवासी बिट्टू वर्मा ने बताया कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और बिजली की अधिक खपत के बावजूद कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जिससे उस पर लगातार ओवरलोड का दबाव बना रहता है। इसकी वजह से आज विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया। शिवम कुमार वर्मा ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग, व्यापारिक गतिविधियां और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र की जरूरत के अनुसार अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर स्थापित करने की भी अपील की है।

इस संबंध में जेई अवधेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जल्द आवश्यक कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए स्थायी समाधान पर भी विभागीय स्तर पर विचार किया जाएगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story