बांदा: 54 माह में 5000 पौधे लगाने का संकल्प पूरा, गुलाब चंद्र ने डीएम को भेंट किया पौधा

WhatsApp Channel Join Now
बांदा: 54 माह में 5000 पौधे लगाने का संकल्प पूरा, गुलाब चंद्र ने डीएम को भेंट किया पौधा


बांदा, 11 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के लिए लगातार 54 महीनों तक चलाए गए अभियान में समाजसेवी गुलाब चंद्र कुशवाहा ने पांच हजार पौधे लगाने का अपना संकल्प पूरा कर लिया। शुक्रवार को संकल्प की पूर्णता के अवसर पर उन्होंने जिलाधिकारी अमित आसेरी को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्वावधान में अभियान की शुरुआत 11 मार्च 2022 को जनहित से जुड़े 11 प्रमुख संकल्पों के साथ की गई थी। निर्धारित लक्ष्य के तहत 11 सितंबर तक 4999 पौधे लगाए जाने के बाद जिलाधिकारी को 5000 वां पौधा भेंट कर संकल्प पूरा किया गया। अभियान की सफलता में जनपदवासियों के सहयोग के लिए गुलाब चंद्र ने सभी का आभार जताया।

गुलाब चंद्र ने कहा कि पांच हजार पौधे लगाने का उद्देश्य केवल संख्या पूरी करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य तैयार करना था। उन्होंने लोगों से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक संरक्षित करने की अपील की। साथ ही जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर उपहार के रूप में पौधा भेंट करने की परंपरा शुरू करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने गुलाब चंद्र के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि 54 महीने तक लगातार संकल्प पर कायम रहना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रकृति के प्रति समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले के लोगों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुलाब चंद्र भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के क्षेत्र में जनजागरण जारी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story