भाजपा सरकार हर पात्र व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध : असीम अरुण

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार हर पात्र व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध : असीम अरुण


समाज कल्याण स्थायी समिति की बैठक में योजनाओं एवं डॉ. आम्बेडकर मूर्ति स्थल विकास योजना की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। समाज के वंचित, शोषित एवं जरूरतमंद वर्गों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण और समाज कल्याण स्थायी समिति की समीक्षा बैठक बुधवार को सम्पन्न हुई।

समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभागीय योजनाओं और डॉ. आम्बेडकर मूर्ति स्थल विकास योजना की प्रगति की समीक्षा करना, जनप्रतिनिधियों से जमीनी फीडबैक लेना और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कमियों को दूर करना रहा।

बैठक के दौरान विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं को अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखीं। पेंशन व पारिवारिक लाभ, वृद्धावस्था पेंशन एवं राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के लंबित आवेदनों का तुरंत और व्यावहारिक निस्तारण किया जाए। छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित आय सीमा को बढ़ाने और विभागीय छात्रावासों में बिजली व अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की मांग की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों के अतिरिक्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पात्र व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के आधार पर नीतियों को और अधिक व्यावहारिक व सुलभ बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story