समाज कल्याण ने 73 व विद्युत विभाग ने 52 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से नहीं किया संपर्क

WhatsApp Channel Join Now
समाज कल्याण ने 73 व विद्युत विभाग ने 52 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से नहीं किया संपर्क


गुणवत्ताविहीन आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण पर समाज कल्याण व विद्युत विभाग को फटकार

झांसी, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस एवं ऑनलाइन शिकायतों की समीक्षा बैठक में डीएम ने समाज कल्याण विभाग व विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।

बैठक में सामने आया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा निस्तारित शिकायतों का फीडबैक सर्वाधिक असंतोषजनक रहा। साथ ही विभाग ने 73 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से संपर्क तक नहीं किया। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग में भी करीब 52 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से संपर्क न किए जाने पर डीएम ने सुधार लाने के निर्देश दिए। वहीं अप्रैल माह में जल निगम ग्रामीण में अत्यधिक शिकायतें मिलने पर अधिशासी अभियंता को आड़े हाथ लिया गया। डीएम ने पेयजल संबंधी शिकायतों का मौके पर पहुंचकर समाधान करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि 50 से कम शिकायत वाले विभागों के अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से बात कर समाधान सुनिश्चित करें।

डीएम ने बार-बार आने वाली शिकायतों की टॉप-5 सूची तैयार कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम नमामि गंगे योगेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story