सोशल मीडिया पार्टी का प्रतिबिंब, छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है : अनिल दीक्षित

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया पार्टी का प्रतिबिंब, छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है : अनिल दीक्षित


कानपुर, 31 मार्च (हि.स.)। डिजिटल युग में सोशल मीडिया और आईटी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। कार्यकर्ताओं की एक-एक पोस्ट पार्टी की छवि को प्रभावित करती है। इसलिए हर सामग्री को सोच-समझकर साझा करना चाहिए। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।

उन्होंने नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में आयोजित सोशल मीडिया व आईटी प्रमुखों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आज के समय में लोग समाचार पत्रों से अधिक सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। ऐसे में पार्टी की नीतियों और विचारों को सही रूप में प्रस्तुत करना कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने मंडल संयोजकों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि व्यक्तिगत और संगठनात्मक पोस्ट करते समय पूरी सतर्कता बरती जाए, क्योंकि एक छोटी सी चूक भी संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है।

बैठक में पांच से 15 अप्रैल तक कानपुर उत्तर जिले के सभी मंडलों में आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस अभियान के तहत कार्यकर्ता 24 घंटे का प्रवास कर संगठनात्मक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। साथ ही छह अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर भी रणनीति बनाई गई।

इस दौरान जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, जिला सोशल मीडिया प्रभारी जीतू कश्यप, जिला आईटी प्रमुख प्रभाकर अवस्थी, सरिता सैनी, मानसी बनर्जी, अभिषेक दीक्षित, प्रशांत, यश जायसवाल और अभिराज चंदेल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story