सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने फ्लाईओवर से उड़ाए पचास हजार रुपए, वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने फ्लाईओवर से उड़ाए पचास हजार रुपए, वीडियो वायरल


कानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। कानपुर में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने फ्लाईओवर से नोटों की बारिश कर दी। वहीं पुल के नीचे रुपये लूटने वालों की भीड़ लग गई।

जिसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग दौड़-दौड़ कर नोट लूट रहे हैं। नोटों की बारिश करने वाला युवक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर है। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर युवक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

वीडियो में दिख रहा युवक खुद का नाम जैद हिंदुस्तानी बताता है। इंस्टाग्राम पर उसके एक मिलियन से भी ज्यादा फॉलोअर्स है। वीडियो चकेरी के फ्लाईओवर का है। सबसे पहले उसने गरीब बच्चों के साथ केक काटा और फिर फ्लाईओवर पर चढ़कर दो-दो सौ के नोट की गड्डी निकाल कर हवा में उड़ा दी। जिसे देख वहां मौजूद पुरुष, महिलाएं और बच्चे नोट बटोरने लगे। यही नहीं इस वीडियो को उसके द्वारा इंस्टाग्राम और एक्स पर भी पोस्ट किया गया है। वीडियो में खुद को जैद हिंदुस्तानी बताने वाला युवक कहता है कि उसका जन्मदिन है, इसलिए वह अपना जन्मदिन गरीब लोगों के साथ केक काटकर मनाएगा।

उसने बैंक में फोन कर कहा कि उसका सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म से पेमेंट आता है। उसे पचास हजार रुपये के नए नोट चाहिए। यदि नए नोट नहीं मिले तो वह अपना अकाउंट बंद कर देगा। इसके बाद वहां अपने दो पहिया वाहन से बैंक पहुंचा। जहां से उसने अपने हाथों में नए नोट की गड्डी लेकर जेके कॉलोनी पहुंचा और फ्लाईओवर पर चढ़कर नोटों की बारिश कर दी।

वीडियो वायरल होने के बाद जाजमऊ थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया जा चुका है। वीडियो के जरिए सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story