बाराबंकी : सांप के काटने से सपेरे की मौत
बाराबंकी, 09 मई (हि.स.)। जिले में असंद्रा थाना क्षेत्र के पश्चिम बेलवा गांव में शनिवार को सांप के काटने से एक सपेरे की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच में जुट गई
उपनिरीक्षक शिव सागर तिवारी ने बताया कि पश्चिम बेलवा गांव निवासी राम नेवल (49) पत्नी के साथ सांप पकड़ने का काम करता था। शनिवार सुबह वह एक सांप को बोरी में बंदकर घर लाए। बेटे आनंद ने बताया कि जब उसके पिता बोरी खोलकर सांप को बाहर निकाल रहे थे, तभी सांप ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनके पैर में दो जगह काट लिया। घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सक डॉ. हसीब ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आनंद ने बताया कि उसकी मां पंजाब में रह रहे भाई के घर गई थी। घर पर वो और उसके पिता रामनेवल मौजूद थे। घटना की जानकारी के बाद पंजाब से परिजन घर को आ रहे हैं।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

