घर के बाहर खेल रहे बच्चे को सर्प ने डंसा

WhatsApp Channel Join Now
घर के बाहर खेल रहे बच्चे को सर्प ने डंसा


हाथरस, 16 अगस्त (हि.स.)। सादाबाद के पुसैनी मार्ग स्थित गुलशन पैलेस के निकट शनिवार को घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे को सर्प ने डंस लिया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, नगला मोहन निवासी दीपक कुमार वर्तमान में अपने परिवार के साथ सादाबाद में गुलशन पैलेस के पास रहते हैं। शनिवार को उनका पांच वर्षीय पुत्र वंश घर के बाहर गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक सर्प ने उसके पैर में डंस लिया। आसपास मौजूद बच्चों ने घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी। सर्पदंश की सूचना मिलते ही परिजन वंश को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने बच्चे की जांच कर प्राथमिक उपचार प्रदान किया। बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार किया। परिजनों के अनुसार, उपचार के बाद बच्चे की हालत में सुधार हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के मौसम में आबादी वाले क्षेत्रों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और बच्चों को खाली प्लॉट, झाड़ियों तथा अंधेरी जगहों पर अकेले खेलने से रोकने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story