पंचायत मतदाता सूची से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी का नाम गायब होने से मचा हड़कंप।

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत मतदाता सूची से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी का नाम गायब होने से मचा हड़कंप।


अमेठी, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आगामी होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद जिले में गड़बड़ियों के आरोप सामने आने लगे हैं। गौरीगंज ब्लॉक की मेदन मवई ग्राम पंचायत में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने से विवाद खड़ा हो गया है। वहीं कई मृतकों के नाम सूची में दर्ज होने और शाहगढ़ ब्लॉक की पनियार ग्राम पंचायत में 870 से अधिक मतदाताओं के नाम गायब होने की शिकायतों ने चुनावी तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मेदन मवई ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि तीरथराज मिश्र ने आरोप लगाया कि स्मृति इरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सभी आवश्यक अभिलेख समय से बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम अंतिम सूची में नहीं जोड़ा गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि ग्राम पंचायत के कई मृतकों के नाम अब भी मतदाता सूची में दर्ज हैं, जबकि उनके नाम हटाने के लिए संबंधित दस्तावेज पहले ही प्रशासन को सौंपे जा चुके हैं।

उधर, पनियार ग्राम पंचायत में 870 से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने की शिकायत सामने आई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और वे सूची में तत्काल संशोधन की मांग कर रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है तथा पंचायत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए भी आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए थे। मामले को लेकर एसडीएम गौरीगंज से शिकायत की गई है।

एसडीएम गौरीगंज प्रीति तिवारी ने बताया कि पंचायत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों में स्मृति इरानी के हस्ताक्षर नहीं थे, इसलिए आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज उपलब्ध होने पर अनुपूरक सूची के माध्यम से उनका नाम जोड़ा जाएगा। साथ ही मृतकों के नाम और अन्य शिकायतों की भी जांच कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story