प्रदेश में समाप्त हुई स्मार्ट प्री-पेड मीटर व्यवस्था, अब पोस्टपेड मोड में होंगे संचालित

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश में समाप्त हुई स्मार्ट प्री-पेड मीटर व्यवस्था, अब पोस्टपेड मोड में होंगे संचालित


लखनऊ, 08 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश भर में लगे सभी स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड मोड में संचालित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत लगाए गए सभी स्मार्ट मीटर तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड प्रणाली में बदले जा रहे हैं। इसके बाद उपभोक्ताओं को बिजली इस्तेमाल करने के बाद बिल मिलेगा।

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों के समाधान हेतु 15 मई से 30 जून तक प्रदेशभर में अधिशासी अभियंता एवं उपखंड अधिकारी कार्यालयों पर विशेष शिकायत निस्तारण कैंप लगाए जाएंगे। प्रत्येक कार्यालय में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां बिल संशोधन एवं तकनीकी शिकायतों का मौके पर समाधान किया जाएगा।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय उपभोक्ताओं को राहत, पारदर्शिता एवं सुविधा प्रदान करने वाला ऐतिहासिक कदम है। योगी सरकार सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसुविधा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी आम जनता के हित में इसी प्रकार के निर्णय लिए जाते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story