अब आवाज से पुस्तकालय में खोज सकेंगे किताबें, दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
अब आवाज से पुस्तकालय में खोज सकेंगे किताबें, दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा


कानपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। हिंदी, अंग्रेजी और हिंग्लिश में बोलकर पुस्तकें खोजने से लेकर अपने बकाये और पुस्तक लौटाने की तारीख तक की जानकारी विद्यार्थी आवाज के जरिए प्राप्त कर सकेंगे। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को भी बिना कीबोर्ड और माउस के पुस्तकालय की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यह बातें बुधवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के गणेश शंकर विद्यार्थी केंद्रीय पुस्तकालय में स्मार्ट लाइब्रेरी सहायक ‘सोल एआई’ के शुभारंभ के दौरान पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहीं।

विश्वविद्यालय के पुस्तकालय सप्ताह 2026 के तहत एस. आर. रंगनाथन सभागार में आवाज से संचालित स्मार्ट लाइब्रेरी सहायक ‘सोल एआई’ का उद्घाटन किया गया। कुलपति विनय कुमार पाठक ने इस नवाचार के लिए पुस्तकालय टीम को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य तकनीक का लाभ अंतिम विद्यार्थी तक पहुंचाना है। ऐसे प्रयास डिजिटल और समावेशी उच्च शिक्षा को बढ़ावा देंगे।

‘सोल एआई’ पुस्तकालय की प्रबंधन प्रणाली ‘सोल 3.0’ से जुड़ा है। इसके माध्यम से विद्यार्थी पुस्तकालय में उपलब्ध 1.6 लाख से अधिक पुस्तकों को विषय, शीर्षक, लेखक और परिग्रहण संख्या के आधार पर खोज सकते हैं। यह पुस्तक की उपलब्ध प्रतियों के साथ उसका हॉल, अलमारी और रैक नंबर भी बताता है। पुस्तकालय के समय, सदस्यता, नियमों और इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।

इसमें ‘मेरा पुस्तकालय’ नाम से व्यक्तिगत सुविधा भी दी गई है। सदस्य अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर, सदस्य पहचान संख्या या ई-मेल के माध्यम से बिना पासवर्ड प्रवेश कर सकते हैं। इसके बाद जारी पुस्तकों, उनकी वापसी की तारीख, विलंब शुल्क, बकाये और अपने विषय की नई पुस्तकों की जानकारी मिल सकेगी।

सहायक को ‘हैलो लाइब्रेरी’ या ‘नमस्ते’ कहकर सक्रिय किया जा सकता है। इसके बाद ‘मेरी किताबें’, ‘मेरा बकाया’ और ‘नई किताबें’ जैसे निर्देश देने पर यह बोलकर जवाब देगा। दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उत्तर सुनने, पुरुष या महिला भारतीय आवाज चुनने, बड़े अक्षरों और उच्च कंट्रास्ट जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। स्क्रीन रीडर के अनुकूल होने से दृष्टिबाधित विद्यार्थी भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।

प्रो. श्रीवास्तव ने बताया कि ‘सोल एआई’ केवल पुस्तकालय की प्रणाली से जानकारी प्राप्त करता है। यह पुस्तकों को जारी करने, वापस लेने या रिकॉर्ड में बदलाव करने में सक्षम नहीं है। पुस्तकालय का पूरा डेटा विश्वविद्यालय परिसर के सर्वर पर सुरक्षित रहता है और निजी जानकारी केवल सत्यापित सदस्य को ही दिखाई देती है। विद्यार्थी पुस्तकालय में लगे पोस्टर के क्यूआर कोड को स्कैन करके या वहां उपलब्ध कंप्यूटरों के माध्यम से इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। कार्यक्रम में पुस्तकालय के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779484 Articles

Share this story