डिजिटल सुविधाएं बच्चों को प्रदान करेगा बेहतर वातावरण : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल सुविधाएं बच्चों को प्रदान करेगा बेहतर वातावरण : गणेश केसरवानी


प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स.)। डिजिटल क्लासरूम, स्मार्ट बोर्ड, आकर्षक शैक्षिक भित्ति चित्र और स्वच्छ-सुव्यवस्थित परिसर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करेंगे। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा देने वाली है। यह बातें बुधवार को स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत नगर निगम प्रयागराज द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन कायाकल्प योजना’ के तहत दारागंज स्थित अभ्युदय उच्च प्राथमिक कम्पोजिट विद्यालय बक्शी कला के नवनिर्मित भवन का बुधवार को लोकार्पण के मौके पर महापौर गणेश केसरवानी ने कही।

उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां डिजिटल क्लासरूम, स्मार्ट बोर्ड, आकर्षक शैक्षिक भित्ति चित्र और स्वच्छ-सुव्यवस्थित परिसर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करेंगे। इन तकनीकी संसाधनों के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा देने वाली है। उन्होंने बताया कि इस तरह की सुविधाएं न केवल विद्यालयों की आधारभूत संरचना को मजबूत करती है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नगर निगम और स्मार्ट सिटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों व स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद अनुपमा पाण्डेय, तीर्थराज पाण्डेय, राजेश निषाद पप्पू, सुभाष वैश्य, राजेश पाठक, भारत निषाद, सोनू निषाद, राहुल कुशवाहा, आशुतोष पालीवाल, पंकज द्विवेदी, चंदन निषाद और अन्नू निषाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रतिभा सिंह, अभिजीत राज, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं क्षेत्रीय नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि नई सुविधाएं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story