गोविंद नगर कच्ची बस्ती को जलभराव से मिलेगी निजात, सीएम ग्रिड के अधूरे काम पर एक सप्ताह की मोहलत : अर्पित उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
गोविंद नगर कच्ची बस्ती को जलभराव से मिलेगी निजात, सीएम ग्रिड के अधूरे काम पर एक सप्ताह की मोहलत : अर्पित उपाध्याय


कानपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। गोविंद नगर कच्ची बस्ती में जलभराव दूर करने के लिए नाले की सफाई कराई जाएगी। पार्षद की देखरेख में 10 दिनों तक 10 श्रमिक सफाई करेंगे। वहीं, सीएम ग्रिड के अधूरे काम तय समय में पूरे नहीं होने पर कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अभियंताओं पर कार्रवाई होगी। यह निर्देश शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-5 और जोन-3 के निरीक्षण में दिए।

नगर आयुक्त ने जोन-5 के वार्ड-2 स्थित गोविंद नगर कच्ची बस्ती का निरीक्षण किया। यहां 15वें वित्त आयोग से डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण प्रस्तावित है। निविदा स्वीकृत होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। संकरी गलियों, जगह की कमी और अतिक्रमण के कारण ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया। रेलवे की बाउंड्रीवाल से नाला बंद होने से बस्ती का पानी इसी में आता है। निरीक्षण में नाला भरा मिला।

नगर आयुक्त ने पार्षद कल्पना राकेश निषाद को 10 दिनों के लिए 10 श्रमिक देने को कहा, ताकि उनकी निगरानी में नाले की सफाई हो सके। साथ ही नाला निर्माण का एलाइनमेंट दोबारा जांचकर संशोधित प्रस्ताव के आधार पर नई निविदा प्रक्रिया शुरू करने को कहा। बस्ती में नियमित सफाई और फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जोन-3 में दीप सिनेमा से सोठे वाले बाबा मंदिर और बाबा कुटी से अलंकार तक सीएम ग्रिड कार्यों का निरीक्षण किया। दीप सिनेमा से सोठे वाले बाबा मंदिर तक सड़क, नाला और फुटपाथ का काम चल रहा है। गुंजन स्वीट हाउस के सामने नाला नहीं बनने से 100 से 150 मीटर फुटपाथ अधूरा मिला। अधिकारियों ने डायवर्जन नहीं मिलने से देरी की बात कही।

नगर आयुक्त ने एक सप्ताह में नाला और फुटपाथ का काम पूरा कराने को कहा। देरी पर कार्यदायी संस्था और अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। सोठे वाले बाबा मंदिर के पास करीब 100 मीटर सड़क बनी मिली, लेकिन 4.50 मीटर चौड़ी सड़क बनाने वाली पेवर मशीन का इस्तेमाल नहीं हो रहा था। उन्होंने मशीन से काम शुरू कराने और दीपावली से पहले सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

फेज-1 के मार्बल मार्केट में दोनों ओर उपयोगिता लाइनें शिफ्ट हो चुकी हैं और जल निगम के कनेक्शन हो गए हैं। नगर आयुक्त ने सड़क निर्माण तेज करने और जल निगम के लंबित काम तत्काल पूरा कराने को कहा। कार्य की नियमित समीक्षा करने को कहा। निरीक्षण में पार्षद कल्पना राकेश निषाद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय कुमार, जोनल अभियंता कमलेश पटेल व आरके तिवारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी अवनीश कुमार और आशीष बाजपेयी समेत अधिकारी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story