लैन और बिछलखा समितियों पर धान खरीद की रफ्तार सुस्त
बाराबंकी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की
रामनगर तहसील क्षेत्र के साधन सहकारी समिति लैन और बिछलखा पर धान खरीद की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। दोनों समितियों पर अब तक कुल मिलाकर महज 600 कुंतल धान की खरीद हो सकी है। खरीद की सुस्त गति के चलते किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर सेमराय क्रय केंद्र पर धान खरीद अपेक्षाकृत तेजी से हो रही है, जहां अब तक तीन हजार कुंतल से अधिक धान खरीदा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, साधन सहकारी समिति बिछलखा पर अब तक करीब 200 कुंतल और लैन समिति पर 400 कुंतल धान की खरीद हुई है। दोनों केंद्रों की खरीद का आंकड़ा सेमराय क्रय केंद्र की तुलना में काफी कम है। ऐसे में किसानों को आशंका है कि खरीद की यही स्थिति रही तो उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ेगी।
किसान नेता शिव बरन वर्मा और नरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन समितियों और क्रय केंद्रों पर धान खरीद की रफ्तार धीमी है, वहां तत्काल खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। प्रत्येक केंद्र पर जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती हो, जिससे किसानों को धान बेचने के लिए लंबे समय तक चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने सभी क्रय केंद्रों की नियमित निगरानी किए जाने की भी मांग उठाई।
इस संबंध में एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि तहसील क्षेत्र के सभी धान क्रय केंद्रों की निगरानी की जा रही है। कहीं से भी किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो वह स्वयं मौके पर जाकर जांच करेंगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

