कौशल आधारित प्रशिक्षण से छात्र उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार होते हैं : डॉ. पुष्पा ममोरिया

WhatsApp Channel Join Now
कौशल आधारित प्रशिक्षण से छात्र उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार होते हैं : डॉ. पुष्पा ममोरिया


कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। “कौशल आधारित वैल्यू ऐडेड कोर्स विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी बनाते हैं और उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करते हैं। इस तरह के प्रशिक्षण से छात्रों में तकनीकी दक्षता के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कम्प्यूटर एप्लीकेशन विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा ममोरिया ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कम्प्यूटर एप्लीकेशन विभाग द्वारा “पायथन फुल स्टैक डेवलपमेंट” विषय पर आयोजित छह दिवसीय वैल्यू ऐडेड कोर्स शनिवार को सम्पन्न हो गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय परिसर स्थित यूआईईटी-4 में आयोजित की गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पायथन फुल स्टैक डेवलपमेंट से सम्बंधित उद्योगोन्मुखी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रारम्भिक सत्रों में एचटीएमएल, सीएसएस और जावा स्क्रिप्ट के माध्यम से फ्रंटएंड विकास की बुनियादी अवधारणाएं समझाई गईं। इसके बाद बैकएंड विकास के अंतर्गत फ्लास्क फ्रेमवर्क, रूटिंग, एचटीटीपी मेथड्स और वेब एप्लिकेशन संरचना पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

मध्य सत्रों में डेटाबेस प्रबंधन, एसक्यूएल क्वेरी निर्माण, सीआरयूडी ऑपरेशन तथा वेब एप्लिकेशन को डेटाबेस से जोड़ने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन कराया गया। उन्नत सत्रों में रेस्टफुल एपीआई विकास, फ्रंटएंड-बैकएंड एकीकरण और प्रोजेक्ट आधारित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग स्तर की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया।

मुख्य वक्ता अंकित गुप्ता व उनकी टीम ने प्रत्येक सत्र को लाइव डेमो के साथ संचालित किया। समापन पर प्रोजेक्ट प्रदर्शनी हुई और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story