अगरबत्ती, परफ्यूम और कॉस्मेटिक निर्माण के शुरू होंगे कौशल आधारित पाठ्यक्रम : योगेश दुबे
कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। फ्रेगरेंस एवं फ्लेवर उद्योग में विद्यार्थियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। अगरबत्ती, परफ्यूम और कॉस्मेटिक निर्माण जैसे क्षेत्रों में कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर युवाओं को नौकरी के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए भी तैयार किया जा सकता है। इसके लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) और उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत है। यह बातें शुक्रवार को सीएसजेएमयू में आयोजित ब्रेनस्टॉर्मिंग सत्र में फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष योगेश दुबे ने कहीं।
विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के रसायन विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित इस सत्र में उद्योग विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने फ्रेगरेंस एवं फ्लेवर क्षेत्र में अनुसंधान, आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान योगेश दुबे ने रसायन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में अपनी जिम्मेदारी भी ग्रहण की। उनके उद्योग संबंधी अनुभव का लाभ विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और उत्पाद विकास की जानकारी देने में मिलेगा।
कार्यक्रम में एफएफडीसी के निदेशक शक्ति विनय शुक्ला ने अगरबत्ती निर्माण, परफ्यूम और कॉस्मेटिक निर्माण से जुड़े कौशल आधारित सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कच्चे माल की पहचान, उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता परीक्षण और विपणन का प्रशिक्षण दिया जा सकता है। इससे वे रोजगार हासिल करने के साथ अपना स्टार्टअप भी शुरू कर सकेंगे। इस संबंध में विश्वविद्यालय और एफएफडीसी के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रो. अंजनी कुमार तिवारी ने उच्च शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने प्राकृतिक एवं कृत्रिम सुगंध, फ्लेवर विकास और उत्पादों की गुणवत्ता से जुड़े वैज्ञानिक अनुसंधान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
एमएससी फ्रेगरेंस एवं फ्लेवर पाठ्यक्रम के समन्वयक डॉ. इंद्रेश कुमार ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा और औद्योगिक उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने भविष्य में नियमित इंडस्ट्री-एकेडेमिया मीट आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, परियोजना कार्य, विशेषज्ञ व्याख्यान और औद्योगिक प्रशिक्षण के अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम के संरक्षक स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के निदेशक प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी रहे। उपनिदेशक डॉ. अंजू दीक्षित ने कहा कि उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच संवाद से विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं। कार्यक्रम का समन्वय रसायन विज्ञान विभाग की समन्वयक डॉ. रश्मि दुबे ने किया, जबकि संयोजन डॉ. इंद्रेश कुमार ने किया। सत्र में उद्योग की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम विकास, कौशल प्रशिक्षण और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने पर सहमति बनी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

