सीतापुर : तेल को लेकर अफवाहों ने बढ़ाई अफ़रा-तफरी, दूसरे दिन भी पेट्रोल पम्पों पर लगी भीड़, हुआ हंगामा

WhatsApp Channel Join Now

सीतापुर, 27 मार्च (हि.स.)। जनपद में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शुक्रवार शाम तक दूसरे दिन भी शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग कैन और वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए सुबह से ही कतारों में लग गए। कई स्थानों पर पहले और ज्यादा ईंधन लेने की होड़ में लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, वहीं पंप कर्मचारियों से भी कहासुनी के मामले सामने आए।

स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े। जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न फैले। इसके बावजूद कई जगहों पर घंटों लंबी लाइनें लगी रहीं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। डीएम ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पंपों पर भीड़ न लगाएं।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने भी साफ कहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन की टीमें ऐसे लोगों की पहचान में जुट गई हैं जो जानबूझकर दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की ‘पैनिक बाइंग’ से कृत्रिम संकट पैदा हो जाता है, जबकि वास्तविकता में आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रहती है। अगर समय रहते लोग संयम नहीं बरतते, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने एक बार फिर भरोसा दिलाया है कि घबराने की जरूरत नहीं है, ईंधन की कोई किल्लत नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

Share this story