जिलाधिकारी ने की बिजली विभाग के कामों की समीक्षा, दिखायी सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने की बिजली विभाग के कामों की समीक्षा, दिखायी सख्ती


सीतापुर , 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर की अध्यक्षता में शुक्रवार काे कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

समीक्षा के दौरान एएमआईएसपी (एडवांस मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस प्रोवाइडर) और आरडीएसएस योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने धीमी गति से चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने विद्युत बिलों की वसूली लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया और कहा कि राजस्व वसूली में सुधार लाना बेहद जरूरी है। साथ ही, निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और खराबियों को समय से दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे कार्यों की नियमित जांच कराने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति और बिलिंग से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत ललित कृष्ण, सभी अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

Share this story