बहनों का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत : अजय कपूर

WhatsApp Channel Join Now
बहनों का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत : अजय कपूर


कानपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। मेरे लिए राखी महोत्सव कोई औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बहनों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का पर्व है। यहां आने वाली हर बहन मेरे परिवार का हिस्सा है और उनके सम्मान व सुरक्षा के लिए मैं हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा। यह बातें रविवार को गोविंद नगर स्थित संजय गेस्ट हाउस में आयोजित राखी महोत्सव के छठवें दिन भाजपा नेता व पूर्व विधायक अजय कपूर ने कहीं।

बहन फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित राखी महोत्सव के छठवें दिन भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का अनूठा उत्सव देखने को मिला। महोत्सव में करीब 1700 बहनों ने पूर्व विधायक अजय कपूर को रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद और दीर्घ जीवन की कामना की। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने भी पहुंचकर बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के सामूहिक प्रसारण से हुई, जिसे अजय कपूर और मौजूद बहनों ने कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के साथ देखा।

महोत्सव का आकर्षण उस समय और बढ़ गया जब बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने बहनों से मुलाकात की, उनके साथ सेल्फी ली और कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के विश्वास, स्नेह और अटूट रिश्ते का पर्व है। उन्होंने इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है।

कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है और इस तरह के आयोजन समाज में समरसता और पारिवारिक एकता को बढ़ावा देते हैं।

महोत्सव में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद रहे। वरुण विहार, बर्रा, गोविंद नगर, जूही, जरौली, विश्व बैंक कॉलोनी, टीपी नगर और आसपास के कई इलाकों से पहुंचीं बहनों ने अजय कपूर को राखी बांधी और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story