ब्रह्मानंद मौदहा बांध में बजा शायरन, नहीं हुए फाटक बंद

WhatsApp Channel Join Now
ब्रह्मानंद मौदहा बांध में बजा शायरन, नहीं हुए फाटक बंद


ब्रह्मानंद मौदहा बांध में बजा शायरन, नहीं हुए फाटक बंद


ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

हमीरपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्थापित मौदहा ब्रह्मानंद बांध में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बांध के फाटक बंद किए जा रहे थे तो एकदम से सायरन की आवाज ने सभी को चौंका दिया। बांध के छह फाटक बंद करने की भरपूर कोशिश की गई पर फाटक बंद नहीं हुए, बांध के फाटक बंद कराने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने एड़ी चोटी का जोर लगाया गया, सायरन भी बजता रहा। पर फाटक बंद नहीं हो सके, बांध के फाटक बंद न होने से लगातार पानी बहकर बर्बाद हो रहा है।

बता दे कि महीने पूर्व ही इस बांध में मरम्मत के लिए सिंचाई विभाग ने करोड़ों खर्च किए हुए थे,वहीं आसपास के ग्रामीणों में ऐसी स्थित को देखकर भय जैसा माहौल बना हुआ हैं। मौदहा बांध के गेटों के संचालन एवं जल निकासी के संबंध में मंगलवार को शाम सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सी मंगलम का कहना है कि बांध के गेटों के अनुरक्षण का कार्य माह जून एवं जुलाई में कराया गया था। अनुरक्षण कार्य पूर्ण होने के उपरांत गेटों का संचालन किया जा चुका है तथा वर्तमान में जलाशय में जलभराव की स्थिति को देखते हुए गेटों की बैलेंसिंग एवं सुचारु संचालन का कार्य किया जा रहा है। विभाग के अनुसार 21 अगस्त 2026 को जलाशय से अतिरिक्त जल की निकासी के लिए क्रमशः तीन तथा चार गेट खोले गए थे। इस दौरान लगभग 3,000 से 9,000 क्यूसेक तक जल प्रवाह नदी में प्रवाहित किया गया। गेटों के संचालन से पूर्व बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत चेतावनी हेतु सायरन बजाया गया तथा जल निकासी के उपरांत गेटों को बंद किया गया। वर्तमान में जलाशय का जलस्तर 147.20 मीटर दर्ज किया गया है तथा जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। बांध में पर्याप्त जल संचय हो जाने के कारण अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही है। गेटों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बैलेंसिंग का कार्य भी कराया जा रहा है।

अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 24 अगस्त 2026 को बांध के नीचे एकत्र ग्रामीणों को चेतावनी देकर वहां से हटाया गया तथा गेटों की स्थिति सामान्य पाई गई। सिंचाई विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि जल की निकासी एवं गेटों के संचालन की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सिंचाई विभाग ने आमजन से अपील की है कि बांध से छोड़े जा रहे पानी के दृष्टिगत बेतवा नदी एवं बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा अपने पशुओं को भी नदी से दूर रखें। जल प्रवाह आगामी कुछ दिनों तक बने रहने की संभावना को देखते हुए सभी लोग सावधानी बरतें और प्रशासन एवं सिंचाई विभाग द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story