कानपुर देहात के सिकंदरा थाना प्रभारी लाइन हाजिर,16 पुलिसकर्मियों में फेरबदल

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना प्रभारी लाइन हाजिर,16 पुलिसकर्मियों में फेरबदल


कानपुर देहात, 27 जुलाई (हि.स.)। कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने सोमवार को सिकंदरा थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह को लाइन हाजिर किया है। उनकी जगह थाने के सेकेंड इंचार्ज सुधाकर सिंह को नया प्रभारी नियुक्त किया है। यह कार्रवाई थाना परिसर से जुड़े वायरल वीडियो और कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों के बाद की गई है। इसके अलावा जिले में तैनात 16 पुलिस कर्मियों को भी इधर से उधर किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह की कार्यशैली और रिपोर्टिंग की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक के अनुसार उनकी रिपोर्टिंग संतोषजनक नहीं पाई गई। कई बार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें लाइन हाजिर करने का निर्णय लिया गया।

इसके साथ ही जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड की संस्तुति पर निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों समेत कुल 16 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। तबादला सूची में निरीक्षक सुधाकर सिंह को सिकंदरा थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं, निरीक्षक अनिल कुमार को अतिरिक्त निरीक्षक थाना अकबरपुर से स्थानांतरित कर अतिरिक्त निरीक्षक थाना मंगलपुर नियुक्त किया है। निरीक्षक इंद्रजीत सिंह को अतिरिक्त निरीक्षक मंगलपुर से अपराध निरीक्षक मंगलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कई पुलिस चौकियों और थानों में उपनिरीक्षकों को नई तैनाती दी गई है।

सिकंदरा थाना प्रभारी के लाइन हाजिर होने पर पुलिस विभाग में काफी चर्चा है। उनके लाइन हाजिर होने के पीछे सोशल मीडिया पर बीते दिनों थाना से संबंधित एक वीडियो से भी जोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक सिकंदरा थाने के बैरक की सलाखों के पीछे खड़े होकर रील बनाते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठे।

मामले में थाना प्रभारी ने प्रारंभिक जांच में बताया था कि वीडियो करीब चार महीने पुराना है। उस समय कुछ युवक थाना परिसर में आए थे और बैरक के अंदर जाकर वीडियो बना लिया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।

वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक बैरक तक कैसे पहुंचे और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका रही। वहीं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, यह फेरबदल बेहतर पुलिसिंग, जवाबदेही बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story