उप्र: लगातार हाे रही बारिश की वजह से लखनऊ सहित कई जिलाें में शनिवार काे बंद रहेंगे स्कूल

WhatsApp Channel Join Now
उप्र: लगातार हाे रही बारिश की वजह से लखनऊ सहित कई जिलाें में शनिवार काे बंद रहेंगे स्कूल


लखनऊ, 25 सितंबर (हि.स.)। मानसून की वापसी से पूर्व उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में गुरुवार से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को दिनभर आसमान साफ न होने और बारिश की बूंदे लगातार गिरने से उत्तर प्रदेश सरकार ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थिति के अनुसार निर्णय लें। इसको ध्यान में रखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश, बुन्देलखण्ड, मध्य क्षेत्र के अधिकांश जिलों के जिलाधिकारियों ने 26 सितंबर (शनिवार) को कक्षा एक से लेकर 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इस दौरान अगर कोई स्कूल नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी ने शुक्रवार को पत्र जारी कर बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश, जलभराव और खराब मौसम को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है। जगह-जगह जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे मौसम में बच्चों को घर से स्कूल-कॉलेज तक आने-जाने में होने वाली परेशानी के साथ बारिश में भीगने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 26 सितंबर को सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं।

सिद्धार्थनगर जिले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने शुक्रवार को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जनपद में भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी के आदेश पर सभी परिषदीय, सीबीसीआई, आईसीएसई और मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों में 26 सितम्बर को अवकाश घोषित किया गया है। इस आदेश को सभी विद्यालय प्रबंधक को मानना होगा। इसके अलावा बाराबंकी, फिरोजाबाद, वाराणसी, कानपुर, अयोध्या और रायबरेली सहित कई जिलों के जिलाधिकारियों ने शनिवार को जनपद में स्कूलों पर अवकाश घोषित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story