सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा : मुरादाबाद में 14 व 15 मार्च को 45 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा : मुरादाबाद में 14 व 15 मार्च को 45 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल


-अपर जिलाधिकारी नगर और पुलिस अधीक्षक नगर को नोडल अधिकारी नामित किया गया

मुरादाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद जिले में यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को दोनों पालियों में आयोजित की जाएगी। दोनों दिनों में लगभग 45 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा के दौरान संबंधित क्षेत्र के एसडीएम भी निगरानी करेंगे।

यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के लिए अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया है। इस मामले में शनिवार काे शासन स्तर से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर उच्चाधिकारियों ने परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक हिदायतें दी हैं।

अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह ने बताया कि जिले में 14 मार्च को दोनों पालियों में 22 हजार 500 परीक्षार्थी भाग लेंगे। दोनों दिनों में कुल 45 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। इस बारे में एडीएम सिटी ने आगे बताया कि परीक्षा के लिए जिले में 28 केंद्र बनाए जाएंगे। एक केंद्र पर एक स्टेटिक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। इस प्रकार परीक्षा ड्यूटी में 56 मजिस्ट्रेट लगाए जाएंगें।

परीक्षार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन आवश्यक व्यवस्था करेगा। इस मामले में शीघ्र ही जिला पुलिस और प्रशासन की बैठक की जाएगी। यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन करेगी। परीक्षा के दौरान संबंधित एसडीएम अपने अपने क्षेत्रों में निगरानी करेंगे। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी काफी पहले से रणनीति बनाए हुए हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story