यूपीपीसीएस में 21वीं रैंक हासिल कर श्वेता वर्मा बनीं एसडीएम

WhatsApp Channel Join Now
यूपीपीसीएस में 21वीं रैंक हासिल कर श्वेता वर्मा बनीं एसडीएम


कानपुर, 30 मार्च (हि.स.)। शिवराजपुर क्षेत्र की अनुसूचित जाति की श्वेता वर्मा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा में 21वां स्थान हासिल कर बड़ी सफलता दर्ज की है। उनका चयन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर हुआ है। उनकी इस कामयाबी से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

श्वेता वर्मा की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच यह मुकाम हासिल किया है। करीब चार साल पहले उनकी शादी सुधांशु कुमार से हुई थी और हाल ही में वह एक बेटी की मां भी बनी हैं। मातृत्व के साथ पढ़ाई को संतुलित करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की, जो अन्य अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायक है।

शिक्षा की बात करें तो श्वेता ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई शिवराजपुर के रामसहाय इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज से बीटेक की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में श्वेता और उनके पति सुधांशु कुमार, दोनों दूरदर्शन दिल्ली में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।

इसी बीच श्वेता के पिता जगदीश वर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित रही है और उसने कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत करना नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि श्वेता की यह सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है और उन्हें विश्वास है कि वह प्रशासनिक सेवा में बेहतर कार्य करेंगी।

परिवार की पृष्ठभूमि साधारण रही है। उनके पिता जगदीश वर्मा सरकारी बैंक से कैशियर पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। श्वेता अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनके छोटे भाई शैलेंद्र वर्मा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 7 से पार्षद हैं।

परिजनों के मुताबिक, श्वेता इन दिनों एक परीक्षा के सिलसिले में लखनऊ गई हुई हैं और शाम तक उनके घर लौटने की संभावना है। उनके स्वागत को लेकर परिवार और क्षेत्र के लोगों में उत्साह बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story