बाराबंकी के हैदरगढ़ में निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग भरभराकर गिरी, 07 मजदूर दबे; 04 को बचाया, 03 की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी के हैदरगढ़ में निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग भरभराकर गिरी, 07 मजदूर दबे; 04 को बचाया, 03 की तलाश जारी


बाराबंकी, 27 जून (हि.स.)। शनिवार शाम को हैदरगढ़ क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग अचानक गिरने से 07 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही एसडीएम, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। प्रशासन ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। एसडीएम स्वयं मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

अब तक 04 मजदूरों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं 03 मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। फंसे मजदूरों को निकालने के लिए जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से तेजी से मलबा हटाया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक शटरिंग गिर गई और नीचे काम कर रहे मजदूर दब गए। आसपास मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर मचाकर मदद बुलाई। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

घटना की खबर लगते ही मजदूरों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। परिजनों में कोहराम मचा है। फंसे मजदूरों को जल्द निकालने की मांग को लेकर मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर बचाव कार्य में तेजी लाई है।

थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया कि बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्राथमिकता से मलबे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा रहा है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story