गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 9 घायल

WhatsApp Channel Join Now
गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 9 घायल


फतेहपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में ललौली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में पिकअप सवार नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

ललौली थाना क्षेत्र में शिवरी मोड़ बंबा के समीप आज सुबह करीब 9 बजे ट्रक से बचने के प्रयास में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जिला पंचायत सदस्य संदीप यादव ने तत्काल मदद करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस 108 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी भिजवाया।

घटना में भारती देवी (28) पत्नी संतोष कुमार, दिव्यांशी (03), प्रतीक (07), बाबू (35) पुत्र होरीलाल, जहरी (50) पत्नी बाबू, रेखा देवी (35) पत्नी दिनेश कुमार, बृजरानी (55) पत्नी रामस्वरूप, गल्ली देवी (45) तथा सीमा देवी (27) पत्नी राम प्रकाश निवासी ग्राम हिम्मतपुर, थाना ललौली गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी बिंदकी में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। उपचार के दौरान गल्ली देवी और बृजरानी की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

जिला पंचायत सदस्य संदीप यादव ने बताया कि सभी लोग गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में ट्रक से बचने के प्रयास में पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे दुर्घटना हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story