श्रीकृष्णोत्सव-2026: मथुरा में भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ गूंजे राधे-राधे के जयघोष, मयूर नृत्य ने मोहा मन

WhatsApp Channel Join Now
श्रीकृष्णोत्सव-2026: मथुरा में भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ गूंजे राधे-राधे के जयघोष, मयूर नृत्य ने मोहा मन


श्रीकृष्णोत्सव-2026: मथुरा में भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ गूंजे राधे-राधे के जयघोष, मयूर नृत्य ने मोहा मन


मथुरा, 03 सितम्बर(हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में जन्माष्टमी के पावन पर्व और उल्लास के बीच गुरुवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से एक भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली गई। इसी के साथ श्रीकृष्णोत्सव-2026 के दूसरे दिन के कार्यक्रमों का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार से आरंभ हुई इस शोभायात्रा में ब्रज की लोक संस्कृति के साथ-साथ देश के विभिन्न अंचलों की लोक कलाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, जिलाधिकारी सीपी सिंह, परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन, श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी और मनोज फौजदार ने ढोल-नगाड़े बजाकर किया।

शोभायात्रा के दौरान रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में सजे कलाकारों ने अद्भुत समां बांधा। वातावरण में कहीं बांसुरी की मधुर धुन गूंज रही थी, तो कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर कलाकार थिरकते नजर आए। विशेष रूप से मयूर नृत्य ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके अलावा राजस्थानी गुजरियों का नृत्य, रीछ, भालू, लंगूर और बहरूपियों की कलाकारी तथा बीन की धुन ने भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।

जन्माष्टमी पर देश-विदेश से मथुरा पहुंचे श्रद्धालुओं के कदम भी इस भव्य शोभायात्रा को देखकर थम गए। जन्मस्थान के मुख्य द्वार से शुरू हुई यह शोभायात्रा पोतरा कुंड, गोविंद नगर और डीग गेट से होते हुए पुनः श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर संपन्न हुई। रास्ते भर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने लोक कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे मार्ग में राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष गूंजते रहे, जिससे संपूर्ण वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story