मथुरा : चार दिवसीय श्रीकृष्ण महोत्सव में गूंजेगा विशेष कार्यक्रम
मथुरा, 16 नवम्बर(हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में ऐतिहासिक कंस वध मेले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार श्री कृष्ण महोत्सव को चार दिवसीय भव्य आयोजन के रूप में मनाया जाएगा। सोमवार दोपहर श्री माथुर चतुर्वेद परिषद एवं अखिल भारतीय चतुर्वेदी पुरोहित महासभा के मुख्य संरक्षक महेश पाठक का बयान चर्चा का विषय बन गया है।
महेश पाठक ने कहा कि कंस वध मेले में भगवान श्रीकृष्ण के विरोधियों के पुतले भी कंस की तरह कूटे जाने चाहिए, उनके इस बयान ने आयोजन से पहले ही चर्चाओं को तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के कंस वध की परंपरा को भव्यता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और चार दिवसीय श्री कृष्ण महोत्सव पूरे उत्साह एवं धार्मिक उल्लास के साथ आयोजित होगा।
चार दिवसीय महोत्सव की रूपरेखा के अनुसार, 17 नवंबर गोपाष्टमी के अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 18 नवंबर को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 19 नवंबर महोत्सव का मुख्य आकर्षण कंस वध मेला रहेगा। 20 नवंबर भव्य दीपदान कार्यक्रम के साथ चार दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक ने बताया कि महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं, ताकि चारों दिन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
प्रेसवार्ता में नवीन नागर, गिरधारी लाल पाठक, राकेश तिवारी, योगेंद्र चतुर्वेदी, कमल चतुर्वेदी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन महामंत्री संजय चतुर्वेदी ने किया। अब 19 नवंबर को आयोजित होने वाले कंस वध मेले पर सभी की निगाहें टिकी हैं। वहीं, महेश पाठक के बयान के बाद यह आयोजन धार्मिक परंपरा के साथ-साथ अपने बयान को लेकर भी चर्चा में आ गया है।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

