श्रीकृष्ण जन्मभूमि कार सेवा के ऐलान के बाद स्वामी सच्चिदानंद को धमकियां, पुलिस से शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
श्रीकृष्ण जन्मभूमि कार सेवा के ऐलान के बाद स्वामी सच्चिदानंद को धमकियां, पुलिस से शिकायत


मथुरा, 26 नवंबर (हि.स.)। आगामी छह दिसंबर को प्रस्तावित श्रीकृष्ण जन्मभूमि कार सेवा के ऐलान के बाद वृंदावन-गोवर्धन मार्ग स्थित जुलहैंदी चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद को कथित तौर पर लगातार धमकियां मिल रही हैं। अलग-अलग और विदेशी मोबाइल नंबरों से फोन कर उन्हें कार सेवा रोकने की चेतावनी दी जा रही है। मामले में स्वामी सच्चिदानंद ने गुरुवार को पुलिस प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

स्वामी सच्चिदानंद के अनुसार, कार सेवा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए उन्होंने आगरा से हथौड़े, कुदाल, फावड़े, तसले समेत अन्य औजार खरीदे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के समर्थन में कुछ संत चार दिसंबर को ही मथुरा पहुंच जाएंगे, जबकि छह दिसंबर को बड़ी संख्या में संत और समर्थक श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर जुटेंगे।

उन्होंने बताया कि नौ अगस्त को आश्रम परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ कार सेवा का शंखनाद किया गया था। इसके बाद से ही उन्हें अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर धमकियां दी जा रही हैं। फोन करने वाले कार सेवा रोकने की चेतावनी देने के साथ गंभीर परिणाम भुगतने की बात कह रहे हैं।

स्वामी सच्चिदानंद ने मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी है। साथ ही आगरा के न्यू आगरा थाने में लिखित शिकायत देकर धमकी भरे फोन कॉल का ब्योरा सौंपा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783884 Articles

Share this story