श्री बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र विकास : जनसुविधाओं के लिए तीन और रजिस्ट्री संपन्न, अब तक 17 बैनामे पूरे
मथुरा, 25 मई (हि.स.)। वृंदावन के विश्वप्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में तीन और भू-स्वामियों ने मंदिर के नाम अपनी जमीन की रजिस्ट्री की।
सुशील कजारिया (83 वर्ग मीटर), नारायण दास कजारिया (111 वर्ग मीटर) तथा कमल चौधरी (250.30 वर्ग मीटर) ने कुल 444.30 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी (देवता) के नाम निष्पादित की है। मंदिर क्षेत्र विकास परियोजना के तहत अब तक कुल 17 बैनामे हो चुके हैं, जिसके तहत लगभग 1831.12 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की रजिस्ट्री कराई जा चुकी है।
हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देशों पर प्रभावित निवासियों को पर्याप्त धनराशि, दुकान के बदले दुकान और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख व रुक्मणी विहार में फ्लैट दिए जा रहे हैं।
इस भूमि क्रय का मुख्य उद्देश्य संकरी गलियों में भीड़ के दबाव को कम करना है। मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वातावरण, बैठने की उत्तम व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और सुगम प्रवेश-निकासी द्वार (एंट्री-एग्जिट गेट) बनाए जाएंगे, जिससे ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
सर्वाेच्च न्यायालय के आदेश पर गठित इस हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी (जिसमें सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार समेत जिला प्रशासन व गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि शामिल हैं) ने दोहराया है कि श्रद्धालुओं को सुदृढ़ व्यवस्थाएं देने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ काम किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

