श्री राधा माधव मंदिर में धूमधाम से हुई गोवर्धन पूजा
फर्रुखाबाद,10नवंबर (हि.स.)। छोटी काशी के नाम से मशहूर गंगा तट पर बसे फर्रुखाबाद में शिव-शक्ति, श्रीराधाकृष्ण के मंदिरों और घरों में श्री गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना-वंदना धूमधाम के साथ संपन्न हुई।
परिवारों में गाय के गोबर से वसुधैव कुटुम्बकम् के अंतर्गत भगवान कृष्ण गोवर्धनधारी, ब्रज क्षेत्र के गोपी-गोपिकाओं का सुंदर दृश्य बनाया गया। नगरवासियों ने इस सामूहिक पर्व के माध्यम से भारतीय सनातन संस्कृति का मंगलमय संदेश दिया।
श्रीराधाकृष्ण मंदिरों में मुख्य रूप से प्रातः काल भगवान कृष्ण के मंगला दर्शन, आरती, प्रसाद हुआ। प्रातः काल की बेला में भगवान कृष्ण-गोवर्धनधारी एवं गोप-गोपिकाओं का परिवार गौ के गोबर की प्रतिमाएं तो कहीं गोवर्धन महाराज (पर्वताकार) आकृतियां तैयार करके पूजा-अर्चना-वंदना की गई, छप्पन भोग, अमृतमयी प्रसाद का भोग लगाया, गोवर्धन महाराज की परिक्रमा करके मंगलमय परिवार और समाज के लिए कामना की गई।
नगर के श्री राधा माधव मंदिर, घमंडी कूंचा पंचाल नगर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर के सेवायत वैष्णव आचार्य चिन्मय गोस्वामी ने गोवर्धन पूजा के आध्यात्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा सामाजिक समरसता की स्थापना का पर्व है। आज कई लोग सनातन धर्म की आलोचना करते हैं, क्योंकि उन्होंने सनातन धर्म को पढ़ा ही नहीं, जानना भी नहीं चाहा। उनका उद्देश्य केवल राजनीतिकरण होता है। वास्तव में आज से पांच हजार वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण ने सामाजिक समरसता के लिए सामूहिक भोज प्रारंभ किया और उसका माध्यम बने भगवान गिरिराज। उन्होंने बताया कि नंद बाबा, यशोदा मैया समेत पूरा ब्रजमंडल इंद्र भगवान की पूजा किया करता था। तब भगवान ने बताया कि पर्यावरण की रक्षा के लिए इंद्र की पूजा की जगह गोवर्धन की पूजा होनी चाहिए। आज पूरे विश्व की तात्कालिक समस्या है कि हम वृक्षों को काट रहे हैं और पर्वतों का खनन कर रहे हैं। इस समस्या को भगवान ने पांच हजार वर्ष पूर्व ही जान लिया था कि कलयुग में जीव अपने घर-मकान बनाने के लिए वृक्षों को काटेगा, बड़े-बड़े पर्वतों को तोड़कर उनके पत्थरों से अपने महल बनाएगा। भगवान ने गोवर्धन पर्वत की रक्षा के माध्यम से पूरी मानव सभ्यता को बताया कि वृक्षों की रक्षा, नदियों का संरक्षण, पर्वतों का संरक्षण और जीव मात्र को एक उत्सव में कैसे जोड़ा जाए।
उन्होंने बताया कि फर्रुखाबाद नगर में श्री राधा माधव मंदिर वास्तव में वृंदावन का ही स्वरूप है, जो पंचाल नगर में अवतरित है। पंचाल नगर में जहां गुप्त वृंदावन है, वह है घमंडी कुचा, वह है श्री राधा माधव मंदिर। यहां आज से लगभग 106 वर्षों से हमारा परिवार सेवा कर रहा है। ।
महाकाल मंदिर में श्रीराधाकृष्ण के विग्रह में गोवर्धन पूजा साध्वी आचार्य अर्चना दीक्षित ने विधिवत रूप से की और प्रसाद वितरण किया। उन्होंने कहा वर्तमान समय में गंगा-गाय-पर्यावरण को शुद्ध करने का संकल्प लिया। इसी अवसर पर श्रीराम जानकी मंदिर, महालक्ष्मी, खाटूश्याम मंदिर कोठा पार्चा में खाटू श्याम का पूजन, गोवर्धनधारी कृष्ण की पूजा-अर्चना, छप्पन भोग, आरती प्रसाद पं. विजय प्रकाश तिवारी, अनिल त्रिपाठी, मनीष मिश्रा, विजय खन्ना, मयंक गुप्ता, सर्वेश दीक्षित आदि ने किया।
श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर कुतवालेश्वर (घुमना बाजार) में पं. धीरेन्द्र सारस्वत, हरिशरण मिश्रा, प्रदीप ने भगवान का छप्पन भोग, आरती, प्रसाद वितरण किया। ठाकुर द्वारा श्री राधा गोपाल मंदिर में प्रातः काल मंगला दर्शन, गोवर्धनधारी कृष्ण की पूजा-अर्चना, छप्पन भोग, पं. विजय कुमार मिश्रा, अरविन्द गुप्ता आदि भक्तों ने आरती के साथ प्रसाद ग्रहण किया। सायंकालीन महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन के साथ उत्सव संपन्न हुआ। श्रीराधा शक्ति धाम मंदिर, लोहाई रोड, गोपीनाथ मंदिर, खतरना, श्री राधामाधव मंदिर (घमंडी कूंचा) फर्रुखाबाद में प्रातः काल से रात्रि तक गोवर्धनधारी कृष्ण के उत्सव में भक्त लोगों ने सुंदर श्रृंगार पूजा के दर्शन प्रसादी (सहभोज) के साथ उत्सव मनाया और मंगल कामना की। इस अवसर पर डॉ. मनोज मेहरोत्रा, सुरेन्द्र सफ्फड़, समाजसेवी संजय गर्ग, विनोद अग्निहोत्री सहित सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

