सावन में भगवान शिव की भक्ति समाज को सेवा और संस्कार से जोड़ने का संदेश देती है : रवि बाजपेयी

WhatsApp Channel Join Now
सावन में भगवान शिव की भक्ति समाज को सेवा और संस्कार से जोड़ने का संदेश देती है : रवि बाजपेयी


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास भगवान शिव की आराधना, सेवा और लोक कल्याण का पावन अवसर है। युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक दायित्वों से जुड़कर धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सेवा भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। यह बातें सोमवार को समाजसेवी एवं भाजपा नेता रवि बाजपेयी ने कहीं।

सावन के प्रथम सोमवार पर कल्याणपुर के केशवपुरम आवास विकास स्थित प्राचीन बाबा भूतेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन और भोग अर्पित करने के साथ हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

भंडारे में देसी घी से तैयार पूड़ी, सब्जी, हलवा तथा व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों ने दर्शन और प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखा।

रवि बाजपेयी ने कहा कि श्रावण मास केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं भी दीं।

आयोजन की व्यवस्थाओं में महेंद्र अग्निहोत्री, मोनू ठाकुर, रामू, शोभित, देवेंद्र त्रिपाठी, सोनू पाल, शिवम त्रिपाठी, नागेंद्र सिंह, संतोष गिरि, मधु सिंह, जितेंद्र पांडेय, अजय प्रधान, प्रेम पांडेय, प्रमोद पांडेय, नितिन मिश्रा, विनीत दुबे, दिनेश गुप्ता, दिलीप अग्निहोत्री, राजन अग्निहोत्री, आलोक तिवारी, विनय बाजपेयी, अनुराग तिवारी, योगेश शुक्ला, शिवांशु मिश्रा, शनि श्रीवास्तव, विकास दिवाकर, चंदन दिवाकर, सागर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने सहयोग किया।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा तथा श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story