आईजीआरएस शिकायतों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
आईजीआरएस शिकायतों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस


देवरिया, 04 अगस्त (हि.स.)। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली

(आईजीआरएस) के प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को तीन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और एक खंड विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा और शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के दौरान कई मामलों में निस्तारण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। साथ ही शिकायतकर्ताओं ने भी समाधान को लेकर असंतोष व्यक्त किया। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

समीक्षा के दौरान सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बरहज, भटनी और भागलपुर तथा खंड विकास अधिकारी भटनी के कार्यों में लापरवाही सामने आई। इसके आधार पर चारों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि भूमिगत नाली निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई और नाली निर्माण से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में अनियमितताएं और त्रुटियां पाई गईं।

इन मामलों में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और तथ्यपरक निस्तारण नहीं किया गया, जिसके चलते शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं थे।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या औपचारिकता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story