आईजीआरएस प्रकरणों में त्रुटिपूर्ण आख्या पर चार अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
आईजीआरएस प्रकरणों में त्रुटिपूर्ण आख्या पर चार अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस


देवरिया, 06 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का पालन न किए जाने पर सोमवार को नगर पंचायत भाटपाररानी, बरियारपुर, मदनपुर एवं बैतालपुर के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान पाया कि संबंधित अधिशासी अधिकारियों ने शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं शासन के प्रावधानों के अनुरूप नहीं किया। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आईजीआरएस प्रकरणों का समयबद्ध, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निर्माणाधीन सड़क को पूर्ण कराने एवं नाला निर्माण में ठेकेदार ने अनियमितता से संबंधित प्रकरण में नगर पंचायत भाटपाररानी के अधिशासी अधिकारी, वार्ड संख्या-04 की सड़कों की मरम्मत संबंधी प्रकरण में नगर पंचायत बरियारपुर के अधिशासी अधिकारी, गुलाम हुसैन के प्रकरण में नगर पंचायत मदनपुर के अधिशासी अधिकारी तथा वार्ड संख्या-10 में सड़क एवं नाले के निर्माण संबंधी प्रकरण में नगर पंचायत बैतालपुर के अधिशासी अधिकारी ने त्रुटिपूर्ण आख्या प्रस्तुत किए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story