पिपराइच में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर दुकानदार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पिपराइच में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर दुकानदार गिरफ्तार


गोरखपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपराइच पुलिस ने शनिवार को एक दुकानदार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी फल के जूस और छोटे जनरल स्टोर की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री कर रहा था। पुलिस टीम ने उसे कस्बे के क्रांति चौक से गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से विभिन्न रंगों की छह चरखियां बरामद की हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पिपराइच के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक बब्बन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा पिपराइच स्थित क्रांति चौक पर कार्रवाई करते हुए कामराज गुप्ता को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कामराज गुप्ता पुत्र स्वर्गीय नंदलाल गुप्ता, निवासी क्रांति चौक, वार्ड नंबर तीन, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न रंगों की छह चरखियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी दुकान की आड़ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री कर रहा था।

इस मामले में थाना पिपराइच पर मुकदमा अपराध संख्या 577/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, 270 और 125 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 5/15 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बब्बन सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी शब्बीर खां और आरक्षी सुनील कुमार शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के अभियान के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story