शूटर दादी प्रकाशी तोमर नोएडा के अस्पताल में भर्ती, दुआएं कर रहें प्रशसंक

WhatsApp Channel Join Now
शूटर दादी प्रकाशी तोमर नोएडा के अस्पताल में भर्ती, दुआएं कर रहें प्रशसंक


नोएडा, 16 मार्च (हि.स.)। यूपी के बागपत जनपद की रहने वाली वयोवृद्ध निशानेबाज प्रकाशी तोमर की हालत गंभीर है। नाक की नस फटने के चलते उन्हें गम्भीर हालत में नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी सेहत का हालचाल जानने के लिए प्रशसंक परेशान दिखाई दिए। साथ ही उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए दुआएं कर रहे हैं। प्रकाशी तोमर पर ‘सांड की आंख’ फिल्म बन चुकी है।

बागपत की जौहड़ी गांव में वयोवृद्ध महिला निशानेबाज की हालत रविवार की सुबह उस समय अचानक खराब हो गई जब वे घर का कामकाज कर रही थी। उनके नाक की नस फटने से वे गश खाकर गिर पड़ी। यह देख परिजनों में अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें बड़ौत अस्पताल पहुंचे। जहां पर आराम न मिलता देख परिजनों ने उन्हें नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।

उनके स्वास्थ्य का अपडेट जानने के लिए प्रशंसक काफी परेशान दिखाई दिए। उनके साथ उनकी बेटी सीमा तोमर व बेटा रामबीर भी मौजूद है। अंतर्राष्ट्रीय ट्रैप शूटर सीमा तोमर ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि नाक की नस फटने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रकाशी ताेमर की प्रसिद्धि और जीवन संघर्षों पर बॉलीवुड फिल्म 'सांड़ की आंख' भी बनी है जिसकी शूटिंग जौहड़ी गांव में ही हुई थी। अभिनेत्री तापसी पन्नू और भूमि पेडनेरकर ने बुजुर्ग शॉर्प शूटर प्रकाशो और चन्द्रो तोमर की भूमिका निभाई है।

फिल्म को तुषार हीरानंदानी ने डायरेक्ट किया था। बता दें कि शूटर दादी प्रकाशी तोमर ने 60 साल की उम्र में पिस्टल थामी थी। दादी ने एक डीआईजी को हराकर दादी ने गोल्ड मेडल जीत लिया था। अब तक वह देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्हें ढेरों सम्मान मिल चुके हैं।

91 साल की प्रकाशी तोमर पहले भी गंभीर रूप से बीमार पड़ चुकी हैं। 13 सितंबर 2023 को उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई थी। जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत नोएडा के मेट्रो अस्पताल लेकर गए थे। वहां इलाज के दौरान स्वास्थ्य लाभ भी हो गया था, लेकिन इसके बाद उन्हें तेज बुखार आया था और बीपी भी डाउन हो गया था। जिसके बाद उन्हें नोएडा के ही मेट्रो अस्पताल में फिर से भर्ती कराया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story