मुरादाबाद : आकांक्षा विद्यापीठ मिलन विहार के श्लोक वशिष्ठ विज्ञान संगोष्ठी में अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : आकांक्षा विद्यापीठ मिलन विहार के श्लोक वशिष्ठ विज्ञान संगोष्ठी में अव्वल


भारतीय ऊर्जा परिदृश्य : 2047 संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय पर हुआ ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन

मुरादाबाद, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में राजकीय इंटर कॉलेज में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी (महानगर बालक) का गुरुवार को आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय भारतीय ऊर्जा परिदृश्य : 2047 संभावनाएं एवं चुनौतियां था। कार्यक्रम में महानगर बालक के विभिन्न विद्यालयों के द्वारा प्रतिभाग किया गया। संगोष्ठी में आकांक्षा विद्यापीठ मिलन विहार के श्लोक वशिष्ठ प्रथम स्थान व चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के लक्ष्य रमन मिश्र द्वितीय स्थान पर रहे। उक्त प्रतिभागी 18 अगस्त को होने वाली जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए विद्यार्थियों के द्वारा उक्त विषय पर बताया गया कि वर्तमान परिदृश्य में यह विषय अत्यंत प्रासंगिक है। इससे केवल ऊर्जा उत्पादन के विषय के रूप में नहीं, बल्कि इस विषय को विकसित भारत, आत्मनिर्भरता, आर्थिक विकास और पर्यावरणीय संतुलन से जोड़कर प्रस्तुत किया जा सकता है। इस लक्ष्य को 2047 तक प्राप्त करने में अनेक चुनौतियां भी आयेंगी, जैसे ऊर्जा की बढ़ती मांग, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता, भूमि और जल की उपलब्धता, ऊर्जा भंडारण की लागत आदि हैं।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य बलजीत सिंह ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं हैं तथा वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान कौशल का प्रयोग करते हुए राष्ट्र की उन्नति में सहायता की जा सकती है।

संगोष्ठी के निर्णायक राजकुमार सिंह प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज रतनपुर कलां, पदमप्रभा प्रवक्ता राजकीय कन्या इंटर कॉलेज मूढ़ाखेड़ी तथा मैरी लारेन्स प्रवक्ता मैथोडिस्ट कन्या इंटर कॉलेज मुरादाबाद रहीं।

कार्यक्रम में शिल्पी वर्मा, दाक्षा सिंह के द्वारा सक्रिय योगदान दिया गया तथा कार्यक्रम का संचालन विकास कान्त गुप्ता ने किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story