कार्यकर्ता आपसी समन्वय बनाकर सपा सरकार बनाने में निभाए भूमिका :  शिवपाल यादव

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ता आपसी समन्वय बनाकर सपा सरकार बनाने में निभाए भूमिका :  शिवपाल यादव


अनंतराम टोल प्लाजा पर शिवपाल सिंह यादव का सपा नेताओं ने किया स्वागत

औरैया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव के अनंतराम पहुंचने पर गुरुवार को टोल प्लाजा पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। स्वागत के बाद शिवपाल सिंह यादव का काफिला सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ औरैया के लिए रवाना हो गया।

एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान

स्वागत के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई। शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं काे वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा पार्टी हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। स्वागत के दौरान मौजूद सपा नेताओं ने भी संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई। टोल प्लाजा पर काफी देर तक नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही।

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, सपा सांसद जितेंद्र दोहरे, वरिष्ठ सपा नेता राजेश सिंह कुशवाह, ओमप्रकाश ओझा, बृजराज गुर्जर, धीरेन्द्र दोहरे, संजीव यादव उर्फ गुड्डू, दीपक यादव किल्ली, पूर्व अर्जित कुशवाह और राजनारायण बघेल सहित सैकड़ों सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शिवपाल सिंह यादव का स्वागत किया और उनके साथ कुछ समय बिताया।

शिवपाल सिंह यादव के स्वागत के दौरान टोल प्लाजा पर सपा कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही। इस आयोजन के जरिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक सक्रियता का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story