शिवपाल बतायें 2022 चुनाव में कितने ब्राह्मणों को दिए थे टिकट : पंकज चौधरी
मथुरा, 27 दिसम्बर(हि.स.)। भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार शाम बिहारी जी के दर्शन करने के उपरांत मथुरा से अपने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत की।
मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम की शुरुआत से पहले वे बिहारी जी के दर्शन करेंगे। पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा मैं संकल्प लेकर आया हूँ कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर 2027 के चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाएँगे और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा सर्व समाज की पार्टी है। जातीय बैठकों पर चेतावनी देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा का संविधान किसी भी जनप्रतिनिधि को जाति आधारित बैठक करने की अनुमति नहीं देता। उन्होंने बताया कि पार्टी ने संबंधित लोगों को सूचना व चेतावनी जारी की है कि भविष्य में ऐसी गतिविधियाँ न हों जो पार्टी की नीति के विपरीत हो। सपा के नेता शिवपाल यादव के ब्राह्मण विधायकों को पार्टी में आने के निमंत्रण पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा यह सवाल आप उनसे पूछिए कि 2022 के चुनाव में उन्होंने कितने ब्राह्मणों को टिकट दिए थे। एसआईआर पर जवाब देते हुए कहा कि यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है तथा इसका चुनावी परिणामों पर बड़ा प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में एसआईआर के बाद भी भाजपा गठबंधन ने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

