जौनपुर में शिवानंद भाई श्री की भागवत कथा 21 अप्रैल से, बोले— सत्संग है चरित्र निर्माण की पाठशाला

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में शिवानंद भाई श्री की भागवत कथा 21 अप्रैल से, बोले— सत्संग है चरित्र निर्माण की पाठशाला


जौनपुर, 20 अप्रैल (हि.स.) सनातन उत्थान फाउंडेशन नैमिषारण्य के संस्थापक शिवानंद भाई श्री महाराज इन दिनों जौनपुर प्रवास पर हैं। नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में 21 अप्रैल से शोभा यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा प्रवचन कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। कथा प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होगी, जबकि सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रीकृष्ण नाम महामंत्र यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा।

सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए से बातचीत में शिवानंद भाई श्री ने कहा कि सत्संग मानव के चरित्र निर्माण की सच्ची पाठशाला है। कथा के माध्यम से विभिन्न प्रसंगों द्वारा यह समझाया जाता है कि कर्म का फल किस प्रकार बनता है और मनुष्य को अपने प्रत्येक कर्म का परिणाम अवश्य भोगना पड़ता है। उन्होंने शास्त्रों के सिद्धांत “अवश्यमेव भोक्तव्यम” का उल्लेख करते हुए कहा कि अच्छे या बुरे हर कर्म का फल निश्चित है।

उन्होंने कहा कि सुख और आनंद के अंतर को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि भौतिक साधनों से केवल सुख मिल सकता है, लेकिन वास्तविक आनंद भगवत कृपा से ही प्राप्त होता है। धर्मशील व्यक्ति के जीवन में आनंद स्वतः प्रवाहित होता है, जैसे नदियों का जल बिना प्रयास समुद्र में मिल जाता है। उन्होंने कहा कि आत्मा परमात्मा का अंश है और अंततः उसे उसी में विलीन होना है। जो व्यक्ति जितना अधिक पुरुषार्थ करता है, वह उतनी ही शीघ्र अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि उनका जीवन सनातन धर्म के उत्थान के लिए समर्पित है। अब तक वे देश-विदेश में 214 कथाएं कर चुके हैं और जौनपुर में यह उनकी 215वीं कथा होगी। उन्होंने कहा कि जौनपुर के लोगों में धर्म और संस्कृति के प्रति गहरा लगाव है, बस उन्हें उचित अवसर की आवश्यकता है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story