शिव सत्संग मण्डल का अहमद नगर शिवोत्सव 05 नवंबर को
हरदोई,04 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के हरदोई में शिव सत्संग मण्डल के तत्वावधान में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर एवं भारत के महान संत गुरुनानक देव की जयंती पर वासित नगर के राजस्व ग्राम अहमद नगर में शिवोत्सव का आयोजन 05 नवंबर, बुधवार को सायं 08 बजे आयोजित किया जाएगा।
मंगलवार को यह जानकारी देते हुए मण्डल अध्यक्ष आचार्य अशोक ने बताया कि इस शिवोत्सव में संतों भक्तों के अलावा जनप्रतिनिधि भी सम्मिलित होंगे।शिव सत्संग मण्डल के राष्ट्रीय महामंत्री त्रिपुरेश पाण्डेय के अनुसार शिवोत्सव का मुख्य आकर्षण सामूहिक शिव अर्चना होगी।इस धार्मिक आयोजन में महापुरुषों का व्यक्तित्व एवं कृतित्व, शाकाहार जीवन का आधार,सत्संग की महिमा,शिवत्व से अमरत्व की प्राप्ति,संत परंपरा एवं भारतीय संस्कृति,आध्यात्मिक मूल्यों, एवं संत गुरुनानक देव के संगत पंगत पर प्रवचन एवं भजन होंगे।शिवोत्सव में अनेक विद्वतजनों का पाथेय प्राप्त होगा।व्यवस्थापक यमुना प्रसाद ने बताया कि धार्मिक आयोजन में सात्विक प्रवृत्ति के धर्मप्रेमी जन सपरिवार,इष्ट,मित्र सहित सम्मिलित हो सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अंबरीश कुमार सक्सेना

