अखिल भारतीय पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 में आगरा की शिप्रा सिंह प्रथम
-अखिल भारतीय पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 में देशभर से 9,987 प्रतिभागियों ने लिया भाग
मुरादाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास मुरादाबाद द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय पर्यावरण प्रतियोगिता- 2026 का परिणाम रविवार को घोषित कर दिया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शिप्रा सिंह रहीं। जिन्हें 11,000 रुपए ऑनलाइन माध्यम से दिए गए।
न्यास के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता पिछले आठ वर्षों से अखिल भारतीय स्तर पर निरंतर आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का मूल्यांकन मुख्य विकास अधिकारी सम्भल गोरखनाथ भट्ट, उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डा.विशेष गुप्ता तथा बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल, बहजोई के प्रधानाचार्य राजीव कुमार गुप्ता के संयुक्त निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। परिणाम की घोषणा न्यास के सचिव नमन जैन ने की।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शिप्रा सिंह, आगरा, द्वितीय स्थान दीपक सैनी, अलीगढ़ तथा तृतीय स्थान स्वाति जैन, बहजोई ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त सांत्वना पुरस्कार के लिए किंजल प्रजापति काँठ, भव्य बंसल पिलखुआ, निखिल मिश्रा, दिनेश सुरेश भदाणे, पुणे को चयनित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रुप में 11,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपए, तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपए तथा सांत्वना पुरस्कार 1,100 रुपए की सम्मान राशि विजेताओं के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। न्यास के सचिव नमन जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से 9,987 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने कहा कि बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास समाजहित में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहा है। पर्यावरण प्रतियोगिता जैसी पहल लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। प्रख्यात शिक्षाविद एवं पूर्व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग डॉ विशेष गुप्ता ने कहा बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है ; इस अवसर पर बी एम बी एल जैन वर्ल्ड स्कूल परिसर में अतिथियों द्वारा जामुन, अमरूद, अर्जुन, सागौन आदि पौधों को रोपित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

