शारदीय नवरात्र रविवार से, हाथी पर होगा मां दुर्गा का आगमन

WhatsApp Channel Join Now
शारदीय नवरात्र रविवार से, हाथी पर होगा मां दुर्गा का आगमन


मुरादाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। श्री हरि ज्योतिष संस्थान के संचालक ज्योतिर्विद् सुरेंद्र आचार्य ने बताया कि शारदीय नवरात्र रविवार 11 अक्टूबर से शुरू होंगे और 19 अक्टूबर को श्री दुर्गा नवमी के साथ पूर्ण होंगे। इस बार मां दुर्गा का आगमन हाथी पर होगा।

ज्योतिर्विद् सुरेंद्र आचार्य ने बताया कि 11 अक्टूबर को घटस्थापना के लिए सुबह का समय सबसे शुभ है। कलश स्थापना का पहला शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 32 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 26 मिनट तक रहेगा। अगर इस अवधि में कलश स्थापना न कर पाएं तो दोपहर 11 बजकर 48 मिनट से दोपहर 12 बजकर 40 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त में भी घटस्थापना की जा सकती है। शारदीय नवरात्र हर साल आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होती है।

ज्योतिर्विद् सुरेंद्र आचार्य ने बताया इस बार प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात्रि 9 बजकर 19 मिनट पर शुरू होगी और 11 अक्टूबर की रात्रि 9 बजकर 30 मिनट समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर नवरात्र का पहला दिन 11 अक्टूबर को माना जाएगा। इस दिन सुबह घटस्थापना होगी और फिर पहला नवरात्र व्रत रखा जाएगा।

ज्योतिर्विद् सुरेंद्र आचार्य ने बताया कि इस बार नवरात्र की अष्टमी 18 अक्टूबर को तिथि सुबह 8ः29 बजे से शुरू होगी। अष्टमी पूजन सुबह 8ः29 के बाद होगा। इसके अगले दिन 19 अक्टूबर को महानवमी तिथि सुबह 10ः52 बजे शुरू होगी। इसलिए महानवमी पूजन सुबह 10ः52 बजे से प्रारंभ होगा।

इस बार मां दुर्गा का आगमन हाथी पर होगा। नवरात्र का शुभारंभ जब रविवार को होता है तो माता की सवारी हाथी मानी जाती है। देवी का हाथी पर आगमन शुभ माना जाता है। इसे सुख-समृद्धि और शुभ संकेत के रूप में देखा जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story