एसजीपीजीआई की नर्सिंग और हॉस्पिटल अटेंडेंट भर्ती परीक्षा रद्द, एसटीएफ करेगी जांच
लखनऊ, 01 नवंबर (हि.स.)। संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) की नर्सिंग और हॉस्पिटल अटेंडेंट भर्ती के दूसरे चरण की परीक्षा रविवार को सात परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में लगभग 8,500 उम्मीदवार शामिल हुए। पहली पाली की परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर तकनीकी खराबी आने के कारण अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान आफिस के अंदर ओएमआर सीट भरी जा रही थी। इसके बाद सभी केंद्रों की दोनों पालियों की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है।
एसजीजीआई ने बताया कि इसकी जांच एसटीएफ को सौंपी गयी है।
एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो.आर.के. धीमान ने बताया कि संस्थान जल्द ही परीक्षा की नई तारीख की घोषणा करेगा। इसकी जानकारी संबंधित उम्मीदवारों को समय रहते दे दी जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे ताज़ा अपडेट और आगे की घोषणाओं के लिए संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

